Translate

Saturday, 26 September 2026

पितृ ऋण दोष

 




*ज्योतिष शास्त्र में पितृ दोष को पूर्वजों की अतृप्ति, ऋण अथवा उनके प्रति दायित्वों की अनदेखी से उत्पन्न एक प्रमुख दोष माना गया है*


*हर कुंडली में शनि की स्थिति को सीधे “पितृदोष” कहना शास्त्रीय रूप से उचित नहीं है।* 


*शनि पितृऋण, कर्म, वंशपरंपरा, पूर्वजों से जुड़े दायित्व और विलंब का संकेतक होता है, लेकिन* *वास्तविक पितृदोष का निर्णय सूर्य, नवम भाव, नवमेश, राहु-केतु, शनि, पितृकारक ग्रह तथा दशा या गोचर को समग्र रूप से देखकर करना चाहिए।*


*पितृदोष और पितृऋण में अंतर है*

*यह distinction बहुत महत्वपूर्ण है*


*पितृऋण*

*वंश और पूर्वजों के प्रति दायित्व।*


*पितृदोष*

*कुंडली में ऐसे ग्रह-संबंधों की पारंपरिक ज्योतिषीय व्याख्या जिनसे ancestral/paternal karma में बाधा मानी जाती है।*


*इसलिए हर व्यक्ति किसी न किसी अर्थ में पितृऋण से जुड़ा है।*


*लेकिन हर व्यक्ति की कुंडली में पितृदोष नहीं होता।*


*सबसे पहले समझते है* *“पितृदोष”* *वास्तव में क्या है?*


*वैदिक दृष्टि से पितृऋण का अर्थ केवल कोई दोष या शाप नहीं है*


*मनुष्य तीन प्रमुख ऋणों की अवधारणा से जुड़ा माना गया है*


*देव ऋण → ऋषि ऋण → पितृ ऋण*


*पितृऋण का भाव है*


*“जिस वंश, संस्कार, शरीर और सामाजिक आधार से हमें जीवन मिला, उसके प्रति कृतज्ञता और अपने उत्तरदायित्व का निर्वाह।”*


*इसलिए पितृदोष को केवल डराने वाले अर्थ में देखना उचित नहीं*


*ज्योतिष में जब वंश, पिता, पूर्वज, पारिवारिक परंपरा, संतान, कर्म और नवम भाव से संबंधित अनेक संकेत एक साथ पीड़ित हों, तब पितृदोष या पितृऋण की चर्चा अधिक सार्थक होती है।*


*अब समझते है पितृदोष में सूर्य को प्राथमिकता क्यों?*


*सूर्य के प्रमुख कारकत्व हैं पिता + आत्मा + वंश + अधिकार + प्रतिष्ठा + पूर्वजों की पुरुष परंपरा।*


*इसलिए पितृदोष का विश्लेषण करते समय पहले देखें*


*सूर्य की स्थिति*


*सूर्य किस भाव में है?*


*किस राशि में है?*


*सूर्य पर शनि की दृष्टि है?*


*राहु और केतु से संबंध है?*


*सूर्य नवमेश से जुड़ा है?*


*सूर्य नवम भाव से संबंधित है?*

*सूर्य की नवांश स्थिति कैसी है?*

*सूर्य की दशा/अंतरदशा चल रही है?*

*फिर शनि की भूमिका देखें।*


*नवम भाव — पितृ और धर्म का मुख्य द्वार*


*नवम भाव = धर्म + गुरु + भाग्य + पिता + पूर्व पुण्य + ancestral values*


*इसलिए पितृदोष की चर्चा में नवम भाव अत्यंत महत्वपूर्ण है*


 *सबसे पहले विशेष रूप से यह देखें कि*


*नवम भाव + नवमेश + सूर्य + शनि + राहु/केतु*

*यदि इनका परस्पर संबंध बन रहा है तो पितृ-संबंधी कर्मफल का विषय अधिक महत्वपूर्ण होता है*


*आपको किन उपायों से बचना चाहिए?*


*सिर्फ यह सुनकर कि*

*“कुंडली में शनि है, इसलिए पितृदोष है।”*

*तुरंत महंगी पूजा, रत्न, विशेष अनुष्ठान या डर पैदा करने वाले उपाय करवाना बिलकुल भी उचित नहीं।*


*सबसे पहले देखें*


*लग्न → सूर्य → नवम भाव → नवमेश → शनि → राहु/केतु → पंचम → अष्टम → दशा → गोचर*


 *इन सभी का गहराई से अध्ययन करने के बाद*

*फिर निष्कर्ष निकाले*


*पितृपक्ष हमें डराने के लिए नहीं, जोड़ने के लिए है।*


*सूर्य बताता है कि “मैं किस वंश से आया हूँ।”*


*नवम भाव बताता है कि *“मुझे कौन से संस्कार मिले।”*


*पंचम भाव बताता है कि *“मैं क्या आगे छोड़कर जाऊँगा।”*


*अष्टम भाव बताता है कि *“वंश में क्या गहराई से छिपा है।”*


*शनि पूछता है  *कि “इन सबके प्रति मेरी जिम्मेदारी क्या है?”*


*इसलिए पितृदोष की सबसे सुंदर व्याख्या केवल “पूर्वजों का दोष”*नहीं बल्कि “वंश से प्राप्त कर्म, संस्कार और दायित्व को समझकर उसे अगले स्तर पर सुधारने का अवसर।”*


*और इसी कारण शनि का सर्वोच्च उपाय केवल पूजा नहीं बल्कि कर्म, सेवा, अनुशासन, वृद्धों का सम्मान और अपने पूर्वजों के प्रति कृतज्ञता है।*



*“पितृदोष का अर्थ केवल पूर्वजों का शाप नहीं, कभी-कभी वह हमारी कुंडली में दिखाई देने वाला वह कर्म-संदेश है, जो कहता है जिस वंश ने तुम्हें जन्म दिया, उसके अधूरे दायित्वों को समझो, सुधारो और अगली पीढ़ी को बेहतर विरासत दो।”*



*“शनि को प्रसन्न करने का सबसे बड़ा उपाय शनि से संबंधित वस्तु का दान नहीं, बल्कि शनि के सिद्धांतों का जीवन में पालन है न्याय, श्रम, अनुशासन, सेवा, धैर्य और जिम्मेदारी।”*


*लोग ये सब नहीं करते, फिर बोलते है*

*मैने क्या किया है* 

*मैने क्या किया है*



*आज के लिए इतना ही काफी बाकी फिर कभी.....*




             *(2)*



*ज्योतिष शास्त्र में पितृ दोष को पूर्वजों की अतृप्ति, ऋण अथवा उनके प्रति दायित्वों की अनदेखी से उत्पन्न एक प्रमुख दोष माना गया है*

*पराशर होरा शास्त्र एवं अन्य फलित ग्रंथों के अनुसार, कुंडली में सूर्य (पिता/पूर्वज के कारक), गुरु (संस्कार व धर्म के कारक), नवम भाव (भाग्य व पितृ भाव) और पंचम भाव (संतान व पूर्वपुण्य भाव) की स्थिति से इस दोष का सूक्ष्म विश्लेषण किया जाता है*



*​कुंडली में पितृ दोष की पहचान करने के मुख्य ज्योतिषीय सूत्र:*


*​1. नवम भाव और नवमेश की स्थिति (पितृ भाव)*


*​राहु/केतु का प्रभाव: नवम भाव में राहु या केतु स्थित हों अथवा नवम भाव का स्वामी (नवमेश) राहु/केतु के साथ युति बना रहा हो*


*​त्रिक भावों में नवमेश: नवमेश 6ठे, 8वें या 12वें भाव में दुर्बल होकर पाप ग्रहों (शनि, राहु, मंगल) से पीड़ित या दृष्ट हो*

*​पापकर्तरी योग: नवम भाव के दोनों तरफ पाप ग्रह स्थित हों (अष्टम और दशम में), जिससे पितृ भाव कमजोर हो जाए*

*​2. सूर्य की स्थिति (पितृ कारक ग्रह)*

*​सूर्य-राहु/केतु युति (ग्रहण योग): सूर्य के साथ राहु या केतु का किसी भी भाव में स्थित होना प्रत्यक्ष पितृ ऋण अथवा पितृ दोष को दर्शाता है*


*​सूर्य-शनि युति: सूर्य और शनि का एक ही भाव में होना या समसप्तक दृष्टि होना पिता-पुत्र संबंधों में तनाव तथा पूर्वज बाधा का सूचक बनता है*


*​नीचस्थ सूर्य: सूर्य तुला राशि में नीच का होकर त्रिक भावों (6, 8, 12) में स्थित हो और उस पर शुभ ग्रहों की दृष्टि न हो*

*​3. पंचम भाव और गुरु की स्थिति (संतान व गुरु ऋण)*

*​संतान बाधा योग: पंचम भाव में सूर्य-राहु, शनि-राहु या केवल राहु की स्थिति होने से वंश वृद्धि और संतान सुख में अड़चन आती है, जो पितृ असंतोष का लक्षण है*


*​गुरु चांडाल योग: देवगुरु बृहस्पति (धर्म व आशीर्वाद के कारक) के साथ राहु की युति*

 *पंचम या नवम भाव में होना।*

*​पंचमेश की स्थिति: पंचम भाव का स्वामी 6ठे, 8वें या 12वें भाव में राहु से आक्रांत हो*


*​4. अष्टम व दशम भाव से संबंध*

*​अष्टम भाव (अदृश्य बाधाएं): यदि अष्टमेश और नवमेश का राशि परिवर्तन हो या अष्टम भाव में सूर्य-राहु की युति हो, तो यह कुल-परंपरा में अचानक आने वाले संकट और पितरों की अतृप्ति को दर्शाता है*


*​दशम भाव (पितृ कर्म): दशम भाव पर राहु/शनि का क्रूर प्रभाव पूर्वजों के प्रति किए जाने वाले उत्तरदायित्वों की कमी को दर्शाता है*

*​प्रमुख लक्षण*

*​परिवार में वंश वृद्धि (संतान प्राप्ति) में बार-बार बाधाएं या विलंब होना।*

*​घर में अकारण कलह, अशांति और सदस्यों में लगातार बीमारी रहना।*

*​बनते हुए कार्यों में ऐन वक्त पर रुकावट आना और आर्थिक तंगी का बने रहना*

*​स्वप्न में बार-बार मृत पूर्वजों का दिखना या जल, सांप व श्मशान के दृश्य दिखाई देना*

​

*आज के लिए इतना ही बाकी फिर कभी......*


*राम राम जी*


*Astropawankv*

             *Let The Star's Guide You*


*Scientific Astrology & Vastu ...... Astro. Research Centre Research Astrologer Pawan Kumar Verma (B.A.,D.P.I.,LL.B.) Ludhiana Punjab Bharat Phone number 9417311379 , 7888477223. www.astropawankv.com*

Friday, 4 September 2026

श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व

 



*श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व*

      


*प्रत्येक वर्ष पूरे देशभर में कृष्ण जन्माष्टमी का त्यौहार बड़े ही धूमधाम के साथ मनाया जाता है। इस दिन भगवान  श्री कृष्ण जी के बाल स्वरूप की पूजा-अर्चना की जाती है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भाद्रपद कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रात के समय रोहिणी नक्षत्र में यशोदा नंदन जी का जन्म हुआ था। प्रत्येक वर्ष इसी दिन कान्हा जी का जन्मोत्सव भव्य तरीके से मनाया जाता है। खासतौर से देश के प्रसिद्ध कृष्ण मंदिरों में जन्माष्टमी के पावन अवसर पर खास तैयारियां की जाती हैं। इस दिन कान्हा जी का विशेष साज-श्रृंगार किया जाता है। इतना ही नहीं बाल गोपाल जी को (56) छप्पन तरह  के भोग लगाए जाते हैं। वहीं कृष्ण जन्माष्टमी के दिन मंदिर और घरों में लड्डू गोपाल की भव्य झांकियां भी लगाई जाती हैं*


*धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान श्रीकृष्णजी का जन्म मध्यरात्रि में हुआ था इसलिए निशिता काल में बाल गोपाल जी की पूजा करना खास माना जाता है। तो इस मुहूर्त में सबसे पहले बाल गोपाल जी को स्वच्छ जल,दूध,दही, शहद,गंगाजल पंचामृत से अभिषेक करें। इसके बाद लड्डू गोपाल बाल गोपाल श्री कृष्ण जी को नए वस्त्र और आभूषण पहनाकर उनका श्रृंगार करें। अब कान्हा जी को चंदन का तिलक लगाएं और फूल अर्पित करें। इसके बाद धूप-दीप जलाकर कृष्ण जी की आरती करें और उन्हें माखन-मिश्री समेत अन्य भोग लगाएं। श्रीकृष्ण की पूजा में तुलसी अनिवार्य होता है तो भोग और पूजा में तुलसी जरूर रखें*


*श्री कृष्ण जन्माष्टमी के दिन लड्डू गोपाल भगवान श्री कृष्ण  जी को इन चीजों का भोग अवश्य लगाएं*।


*1-माखन-मिश्री 2-पंचामृत 3-खीर*

      *4-दही 5-फल 6-पंजीरी,7  घर पर बनी मिठाई*


  || *हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की* ||



*श्री कृष्णा गोविंद हरे मुरारी* 

*हे नाथ नारायण वासुदेवा* 


*वसुदेव सुतं देवं कंशचाणूरमर्दनम्।*

*देवकी परमानंदं कृष्णं वंदे जगद्गुरूम्।।*



*नंद घर आनंद भयो जय कन्हैया लाल की*

*हाथी घोड़ा पालकी जय कन्हैया लाल की*


*जगत के पालनहार भगवान श्री हरि नारायण के परम अवतार, योगेश्वर भगवान श्री कृष्ण जी के प्राकट्योत्सव के पावन पर्व पर आप सभी जन को Astropawankv की पूरी Team की तरफ़ से हार्दिक शुभकामनाएं*

                

*जय श्री कृष्णा*  


*राधे राधे जी*

 *जय श्री कृष्ण भगवान जी की* 


*Astropawankv*

*Let The Star's Guide You*

*Scientific Astrology & Vastu Research Astrologer Pawan Kumar Verma (B.A.,D.P.I.,LL.B.) Astro. Research Centre Ludhiana Punjab Bharat Phone number 9417311379 , 7888477223. www.astropawankv.com*



Thursday, 27 August 2026

राखी पर्व और चंद्र ग्रहण

 



*राखी ब चंद्र ग्रहण*



28 अगस्त 2026 को रक्षाबंधन पर राखी बांधने का शुभमुहूर्त सुबह 5:57 बजे से 9:48 बजे तक है।


राखी बांधने का समय (शुभ मुहूर्त)


श्रेष्ठ समयः सुबह 05:57 बजे से सुबह 09:48 बजे तक।


अभिजीत मुहूर्तः दोपहर 12:14 बजे से दोपहर 01:05 बजे तक (यदि सुबह छूट जाए)।


वर्जित समय (राहुकाल): सुबह 10:03 बजे से 11:37 बजे तक, इस दौरान राखी न बांधें।




चंद्र ग्रहण और इसका असर


समयः साल का आखिरी चंद्र ग्रहण 28 अगस्त की सुबह 8:04 बजे से शुरू होकर 11:21 बजे तक रहेगा।


भारत पर प्रभावः यह चंद्र ग्रहण भारत में दिखाई नहीं देगा (क्योंकि तब यहां दिन होगा और चंद्रमा क्षितिज से नीचे होगा)।


सूतक कालः ग्रहण भारत में दृश्यमान नहीं है, इसलिए इसका सूतक काल मान्य नहीं होगा।


*Astropawankv*

*Let The Star's Guide You*


*Scientific Astrology & Vastu Research Astrologer Pawan Kumar Verma (B.A.,D.P.I.,LL.B.) Astro. Research Centre Ludhiana Punjab Bharat Phone number 9417311379 www.astropawankv.com*



Thursday, 13 August 2026

चंद्र ग्रह और अष्टम भाव

 *चंद्रमा+अष्टम भाव


*

*चंद्रमा मातृत्व का कारक ग्रह है।*

 *चंद्रमा+अष्टम भाव *

*चन्द्रमा मनसो जातः*

*शास्त्रों में, ऋषियों ने जिस विराट पुरुष परमात्मा की कल्पना व आराधना की है उनके अनुसार चन्द्रमा का प्राकट्य उनके मन से हुआ, इसलिए चन्द्रमा को मन का कारक कहा गया है।*

*और हम ताउम्र  इसी के पीछे भागते रहते हैं, अपनी बुद्धि रूपी लगाम लगा कर।*

 *आत्मा परमात्मा का अंश है और मन अर्थात चन्द्रमा उनके मन से निकला है।*

*उस मन को जब आत्मा साधती है तो जीवन में ठहराव आता है, और जब बुद्धि साधती है तो भटकाव आता है।*

*मन को बुद्धि के पीछे ज्यादा न भटका कर यदि हम सात्विक कार्यों का निर्वहन करते हुए जीवन यापन करें तो हमारी अन्तिम परिणीती अच्छी होगी।*

*हम हर क्षेत्र में कामयाब होंगे।*

*लेकिन यहां बुद्धि मन को भटकाती अवश्य है और भटकाव  भी सम्भव है, तो परिणाम भी उसीअनुसार ही सामने आ जाता है।*

 *इसी लिए कहा भी गया है कि मन जीते जग जीत।*

*अष्टम में चन्द्रमा को अष्टमेश का दोष तो लगेगा नहीं, क्यों कि सहचर्य के नियम अनुसार इसकी दुसरी राशि नहीं है , तो यह फल सिर्फ अष्टम का करेगा लेकिन अष्टम में बैठ कर चतुर्थ घर पर भी अपना प्रभाव अवश्य देता है कष्ट परेशानियां देता है*

 *पौराणिक शास्त्रकारों ने चन्द्रमा को अष्टम में ज्यादा अच्छा नहीं कहा क्योंकि यह यहां से अलग अलग प्रकार के रोग कष्ट  परेशानी देता है।*

 *जातक श्वास रोगी, अल्पायु ,क्रोधी ,निर्दयी,धन हीन, व्याकुल मन वाला,पाप बुद्धि वाला, दुर्बल अंग वाला निराशा से भरा हुआ छोटी छोटी बातों से परेशान होने वाला हो सकता है।*

 *ये सब चन्द्रमा के पक्ष बल पर निर्भर करेगा।*

*वहीं पक्ष बली हुआ तो, शास्त्र कारों ने इसे अच्छा भी कहा है।*

 *जातक खोजी प्रवृत्ति वाला, बुद्धि मान, धनवान, दानवीर, विदेश भ्रमण करने वाला, गुप्त धन ,पैतृक संपत्ति प्राप्त करने वाला हो सकता है।*

*यहां बैठा चन्द्रमा धर्म या कहें कि नवम की हानी अवश्य करेगा।*

 *जातक भटकाव के कारण दुराचारी हो सकता है।*

 *दुराचार से वह धर्म की हानी करेगा, फल स्वरूप लंबी अवधि वाले रोग पाएगा अति कष्ट प्रद रोग पाता हुआ दुःखी होता हुआ जातक अन्तिम परिणिती को प्राप्त करेगा।*

*अतः दुराचार का त्याग कर सत्कर्मो को करते हुए जीवन यापन करें।*

*ऐसे जातक को शिव आराधना अवश्य करनी चाहिए।*

*शुभ चंद्रमा अष्टम में आयुष्कारक होता है।*

*अष्टम भाव पैतृक संपत्ति, उत्तराधिकार में मिलने वाली संपत्ति का भाव भी है लेकिन वो उसका पूर्ण रूप से सुख प्राप्त नहीं कर पाता*

*किसी जातिका ने गर्भ धारण किया हो या फिर संतान होने वाली हो उस का खास ध्यान रखना चाहिए।*

*उसकी होने वाली संतान को हानि पहुंचाई जा सकती है।*

*कोई तंत्र मंत्र उन दोनों पर किया जा सकता है।*

*सामुहिक परिवारों में अक्सर ऐसा देखने को मिलता है।*

*ईष्र्या वश परिवार का ही कोई व्यक्ति यंत्र मंत्र तंत्र करवा देता है।* 

*जिसके कारण से वो जातक और उसका परिवार पूरी आयु यानि वो परिवार अपने जीवन काल में कष्ट परेशानियों वाला जीवन जीता रहता है और उसको इस कारण एक प्रकार से भटकाव में ही भटकता रहता है*

*पौराणिक ग्रंथों में भी इसके उदाहरण मिलते हैं।*

*कई बार राज्य के होने वाले उत्तराधिकारी कोउसके जन्म से पहले या जन्म लेते ही मरवा दिया जाता था।*

*अगर होने वाले शिशु से किसी प्रकार की हानी की आशंका हो तो उसे मार दिया जाता था या मरवा दिया जाता था।*

*उदाहरणार्थ कंस को देख सकते हैं किस प्रकार से उसने देवकी की संतानों को मारा।*      

*अष्टम भाव में चंद्रमा होने पर.....*

*अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा व्यक्ति को एक गहरी भावनात्मक समझ प्रदान करता है। ऐसे लोग केवल शब्द नहीं सुनते, बल्कि सामने वाले के मन की अनकही भावनाओं को भी महसूस कर लेते हैं। जहाँ दूसरे लोगों को किसी व्यक्ति को समझने में समय लगता है, वहीं ये लोग थोड़ी-सी बातचीत में ही उनके मन की स्थिति को पहचान लेते हैं*

*इसी गहरी संवेदनशीलता के कारण ये बहुत अच्छे काउंसलर बन सकते हैं। इनकी बातों में ऐसा अपनापन और समझ होती है कि सामने वाला सहज होकर अपनी भावनाएँ व्यक्त कर पाता है। ये केवल सलाह नहीं देते, बल्कि व्यक्ति के दर्द की जड़ तक पहुँचकर उसे समझने का प्रयास करते हैं और उसका निवारण करने में उनकी सहायता भी करते हैं*

*अष्टम भाव का चंद्रमा व्यक्ति के भीतर स्वाभाविक हीलिंग ऊर्जा भी देता है। ऐसे लोग दूसरों को भावनात्मक रूप से संभालने, उनका आत्मविश्वास लौटाने और कठिन परिस्थितियों से बाहर निकलने में मदद करने की क्षमता रखते हैं*

*यदि यह चंद्रमा शुभ प्रभाव में हो, तो यह व्यक्ति की अंतर्ज्ञान (Intuition), मनोवैज्ञानिक समझ और दूसरों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने की क्षमता को और भी मजबूत बना देता है*

*चंद्रमा माता का कारक ग्रह है अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा माता के लिए अच्छा नहीं माना जा सकता है ।*

 *जातक अपनी माता से अलगाव की स्थिति का सामना करेगा या जातक को अपनी माता का सुख कम होगा। कई बार विद्या प्राप्त करने में परेशानी रूकावटें आती हैं अगर विद्या प्राप्त हो जाए तो माता के सुख में कष्ट परेशानी होती है*

 *जातक अपनी माता के स्वास्थ्य से परेशान रहेगा।*

*चंद्रमा अष्टम भाव में जातक को दयालु बनाता है। साथ ही जातक आध्यात्मिक  व्यक्ति होगा। जातक आराम से जिंदगी जीना पसंद करेगा पर द्वंद्व उस के जीवन में बना रहेगा*

*अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा जातक को रूपवती पत्नी देता है जो बुद्धिमान और ज्ञानवान होगी।*

 *जातक को अपने व्यवहार के अनुकूल पत्नी प्राप्त होगी*

 *यदि चंद्रमा अष्टम भाव में पीड़ित हो तब यह जातक के जीवनसाथी का स्वास्थ्य खराब कर सकता है।*

*चंद्रमा अष्टम भाव से अपनी पूर्ण दृष्टि दुसरे भाव पर डालता है अतः जातक देखने में सुंदर और मीठा वचन बोलने वाला विद्वान व्यक्ति हो सकता है*

*जातक हंसमुख प्रवृत्ति का होगा लेकिन कभी-कभी यह जातक को अपमानजनक स्थिति और जग हंसाई का सामना भी करवा सकता है।*

*अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा जातक के स्वास्थ्य को कमजोर कर सकता  है ।* 

*अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा जातक को मानसिक परेशानी देता है क्योंकि चंद्रमा मन का कारक ग्रह है।* 

*चंद्रमा एक जलीय तत्व का ग्रह है अतः अष्टम भाव में चंद्रमा जातक को कफ दोष दे सकता है।*

 *चंद्रमा हमारे पाचन तंत्र में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है अतः अष्टम भाव में चंद्रमा जातक के पाचन तंत्र को कमजोर कर सकता है जिसके कारण जातक पेट से संबंधित समस्या से पीड़ित रह सकता है।*

 *अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा जातक को आंतों से संबंधित समस्या दे सकता है ।*

 *अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा जातक को फेफड़ों से संबंधित समस्या दे सकता है जिसके कारण जातक को श्वास लेने में दिक्कत हो सकती है ।*

 *अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा जातक की नेत्र शक्ति को कमजोर करता है। ओवरऑल अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा क्या रिजल्ट देगा, यह चंद्रमा की राशि और नक्षत्र पर निर्भर करता है।*

*अष्टम भाव मृत्यु भाव के रूप में जाना जाता है, यदि बली चंद्रमा अष्टम भाव में अवस्थित हो जातक की आयु अच्छी होती है।*

 *लेकिन यदि अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा कमजोर हो तब जातक मध्यम आयु या अल्पायु का हो सकता है।*

 *अष्टम भाव का चंद्रमा बालारिष्ट योग दोष का निर्माण करता है। जातक दुबला पतला और कमजोर कद काठी का हो सकता है।*

*चंद्रमा मन का कारक ग्रह होता है।*

 *अष्टम भाव में स्थित चंद्रमा जातक के आत्मविश्वास में कमी कर सकता  है।*

 *जातक मानसिक परेशानी से घिरा रह सकता है ।*

*कभी कभी सब कुछ होते हुए भी जातक असंतुष्ट रहेगा ।*

*उच्च पद पर रहते हुए भी संतुष्टि की कमी।*

 *उसके मन में अनिश्चित भय हो सकता है। जातक बुद्धिमान होगा पर अपने भय पर काबू न रख पाने के कारण परेशान रहेगा और अपने मस्तिष्क का सदुपयोग नहीं कर पाएगा।*

*अष्टम भाव गुह्य भाव तो है ही साथ में इसे श्मशान भी कहा जाता है और ठहरा पानी जो खराब है पीने लायक नहीं है, गंदा पानी, खारा जहरीला और शमशान का पानी।*

*काल पुरुष कि कुंडली का चतुर्थ का स्वामी चन्द्रमा जो निर्मल बहता जल है,*

*अष्टम में आकर अपने आप को बंधन में महसूस करता है, मानसिक तौर पर।*

*कुछ मायनों में तो यह अच्छा जैसे रिसर्च, ज्योतिष, वकालत, टीचिंग, आयुर्वेद डाक्टरी इत्यादि।*

*लेकिन अगर जातक इन सब कामों में नहीं है तो मानसिक तौर पर विक्षप्त भी हो सकता है।*

*साधारण भाषा में कहें तो उसे पागल पन के दौरे यदा कदा पड़ सकते हैं।*

*जातक को यदा कदा सुसाइडल विचार भी आने की संभावना रहती है।*

*उसे ऐसा आभास हो सकता है कि उस पर किसी ने कुछ किया कराया है।*

*चंद्रमा अगर अष्टम में होगा तो ऐसे में पेट से जुड़ी हुई  परेशानियां हो सकती हैं*

*ऐसे लोगों को मानसिक परेशानियां बहुत जल्दी हो जाती हैं*

*यात्रा में परेशानी हो सकती है*

*मां के साथ तालमेल प्यार की कमी हो सकती है* 

*चंद्रमा अगर बुरे प्रभाव में आ जाए तो ऐसे लोगो के विचार सुसाइड करने वाले भी हो सकते हैं*

*मेडिकल  ,आयुर्वैदिक, देसी घरेलू नुस्खे का ज्ञान या फिर किसी भी प्रकार के ज्ञान देने वाले  में भी बन सकते हैं*

*आज के लिए इतना ही.. ... बाकी का फिर कभी....

*Astropawankv*

*Let The Star's Guide You*


*Scientific Astrology & Vastu Research Astrologer Pawan Kumar Verma (B.A.,D.P.I.,LL.B.) Astro. Research Centre Ludhiana Punjab Bharat Phone number 9417311379  www.astropawankv.com*

Wednesday, 29 July 2026

गुरू पूर्णिमा की हार्दिक शुभकामनाएं

 *गुरु पूर्णिमा*


*गुरु ब्रह्मा, गुरु विष्णु, गुरु देवो महेश्वरा:*


  *गुरु साक्षात परम ब्रह्मा, तस्मै श्री गुरुवे नम:।*


           🙏🙏


*हरि रूठे गुरु ठौर है, गुरु रूठे नहिं ठौर*'




      ******************


*यानी भगवान के रूठने पर गुरु की शरण मिल जाती है, लेकिन गुरु अगर रूठ जाए तो कहीं भी शरण नहीं मिलती। गुरु की जरूरत हमें अपने जीवन चक्र में पग पग पर पड़ती हैं वो जरूरत चाहे किसी भी रुप में हो। गुरु हमें किसी भी रुप में, किसी भी रिश्ते में मिल सकता है  इसलिए जीवन में गुरु का विशेष महत्व  है। मान्यता है कि आप जिसे भी अपना सच्चे मन से दिल से गुरु मानते हों, गुरु पूर्णिमा के दिन आपको उसकी पूजा करनी चाहिए आशीर्वाद लेना चाहिए गुरू की पूजा करने से ब आशीर्वाद लेने से जीवन की बहुत सारी बाधाएं दूर हो जाती है।*


*गुरु पूर्णिमा कब होती है।*


================


             *आषाढ मास की पूर्णिमा को ही गुरु पूर्णिमा कहा जाता है।*


==============


             *चातुर्मास के चार मास तक प्रवाचक,  साधु संत एक ही स्थान पर रह कर ज्ञान गंगा बहाते है। चातुर्मास के चार मास मौसम के अनुसार भी सर्वश्रेष्ठ होते है  अध्यन के लिए भी सर्वश्रेष्ठ माने गये है। जैसे सूर्य के ताप से तप्त भूमि को वर्षा से शीतलता और फसल पैदा करने की शक्ति मिलती है उसी प्रकार गुरु चरणो मे  उपस्थित साधक को ग्यान शक्ति   और भक्ति प्राप्त होती है।*



*गुरु पूर्णिमा किस के नाम पर मनायी जाती है।*


===========


        * *गुरु पूर्णिमा गुरु की पूजा अर्चना के लिए विशेषतः मनायी जाती है। महाभारत के रचियता कृष्ण द्वैपायन का जन्म गुरु पूर्णिमा के दिन हुवा था। कृष्ण द्वैपायन संस्कृत के प्रकाण्ड पंडित थे और चारो वेदो के रचियता भी कृष्ण द्वैपायन ही थे इस लिए इनको में वेद व्यास भी कहा जाता है। कृष्ण द्वैपायन के सम्मान में इस पूर्णिमा को व्यास पूर्णिमा भी कहा जाता है। भक्ति काल में संत कबीर के शिष्य श्री घासी दास का जन्म भी इसी दिन हुआ था।*



*शास्त्रो के अनुसार गुरु शब्द का अर्थ।*


===================


                *शास्त्रो के अनुसार गु का अर्थ- अंधकार मूल अज्ञान और रु का अर्थ- निरोधक अर्थात अंधकार हटाकर प्रकाश की ओर ले जाने वाले को ही गुरु कहते है।*



 गुरु का महत्व।


=========


            * *गुरु के विना ज्ञान नही मिल सकता है। गुरु को पाने के लिए भी उतनी ही तपस्या करनी पडती है जितनी ईश्वर को पाने के लिए।  सच्चा गुरु ही हमें अंधकार से प्रकाश की ओर ला सकता है। संत कबीर दास जी ने गुरु को ईश्वर से भी बडा निम्न दोहे  में बताया है।*



*"गुरु गोबिन्द दोऊ खडे, काके लागू पाय।*


*बलिहारी गुरु आपने, गोबिन्द दिये बताय।।"*




*गुरु पूर्णिमा की... आप सभी जन को हार्दिक शुभकामनाएं*



 *गुरु ह्रदय में , सदा  गुरु  ही है  भ्रम  का  काल*


*गुरु  अवगुण  को  मेटते,  मिटे  सभी  भ्रमजाल*


*मेरे सुख-दुख में, अच्छे- बुरे वक्त में , व्यवसाय के क्षेत्र में या सामाजिक व धार्मिक कार्य में, कोई मित्र के रूप में , कोई मार्गदर्शक के रूप में तो कोई शुभचिंतक के रूप में  आप लोगों ने मुझे समय समय पर मार्गदर्शन देकर मेरे मनोबल को बढ़ाया है, मुझे सही रास्ता दिखाया है*, 




*आप जैसे सभी आदरणीय स्नेही मित्र शुभचिंतकों  व पूज्यनीय गुरुओं को नतमस्तक होकर प्रणाम करता हूँ और गुरुपूर्णिमा की बधाई देता हूँ....*


      *|| *गुरु पूर्णिमा की हार्दिक बधाई ||*


                    ✍☘💕




*Research Astrologers Pawan Kumar Verma (B.A.,D.P.I.,LL.B.) & Monita Verma Astro Vastu Verma's Scientific Astrology and Vastu Research Center Ludhiana Punjab Bharat Phone number..9417311379. www.astropawankv.com*







Wednesday, 6 May 2026

ज्योतिष शास्त्र (वैदिक) पितृ ऋण दोष




 *ज्योतिष शास्त्र (वैदिक) में पित्रादि-दोष (ऋण) या श्राप की सही पहचान और निदान।*


*"पित्र-श्राप" का सही पता सिर्फ जन्म कुण्डली देखकर ही नहीं लगाया जा सकता है, अपितु कुंंडली ना होने पर इसके अलावा प्रश्न कुंडली, हस्त-रेखा (सामुद्रिक विज्ञान),  अपराविज्ञान और शकुन शास्त्र के माध्यम से भी "पित्र दोष" का सही पता लगाया जा सकता है, परन्तु प्राय ये विधिंयाँ प्रचलन में नहीं है लुप्तप्राय सी हो गयी हैं।*

मुख्य रूप से जन्म कुण्डली से ही पित्र दोष का निर्णय किया जाता है। 

        चार प्रकार के प्रवल पित्र-दोष :- 

              

*सूर्य.... आत्मा एवं पिता का कारक गृह है पित्र पक्ष का विचार सूर्य से होता है।*  


*"चन्द्रमा" मन एवं माता पक्ष का कारक ग्रह है।* 


*मंगल...  हमारे रक्त , जीन्स, परम्परा, पौरुष और बंधुत्व पक्ष का कारक ग्रह है।*


*शुक्र.... भी हमारे भोग, ऐश्वर्य और स्त्री पक्ष का कारक ग्रह है।*


सूर्य जब राहु- की युति में हो तो ग्रहण योग बनता है, सूर्य का ग्रहण अतः पिता या आत्मा का ग्रहण हुआ यानि पित्र-श्राप या श्रापित आत्मा। और चंद्र केतु की युति, अमावस्या दोष या चंद्र ग्रहण दोष भी एक प्रकार का पित्र दोष ही होता है 

      *चार अत्यंत कष्टकर पित्र-दोष :-*

 "सूर्य"---- सूर्य राहू सूर्य शनी या सूर्य केतु की युति पित्र दोष का निर्माण करती है।


 "चन्द्र"--- अगर राहू, केतुु , शनी या सूर्य की युति  ग्रहण में हो तो पित्र दोष (मातृ पक्ष) होता है। 


"मंगल"--- भी यदि पूर्णास्त है या इन क्रूर ग्रहों से युक्त है तो भी वंशानुगत पित्र दोष होता है।


"शुक्र"--- या सप्तम भाव यदि सूर्य, मंगल, शनी या राहु से युक्त हो तो भी स्त्री पक्ष से पित्र श्राप बनता है।

*वैसे समस्त ग्रहों के दूषित होने से कुंंडली में विभिन्न प्रकार के अन्य पित्रादि श्राप भी बन सकते हैं.... परंतु अभी हम कुछ प्रमुख पित्र दोषों (श्रापों) को समझने की कोशिश करते  हैं :-*

शनि सूर्य पुत्र है, यह सूर्य का नैसर्गिक शत्रु भी है, अतः शनि की सूर्य पर दर्ष्टि भी पित्र दोष उत्पन करती है। इसी पित्र दोष से जातक आदि-व्याधि-उपाधि तीनो प्रकार की पीड़ाओं से कष्ट उठाता है, उसके प्रत्येक कार्ये में अड़चनें आती रहती हैं, कोई भी कार्य सामान्य रूप से निर्विघ्न सम्पन्न नहीं होते है, दूसरे की दृष्टि में जातक सुखी-सम्पंन दिखाई तो पड़ता है, परन्तु जातक आंतरिक रूप से दुखी होता रहता है, जीवन में अनेक प्रकार के कष्ट उठाता है, कष्ट किस प्रकार के होते है इसका विचार व निर्णय सूर्य राहु की युति अथवा सूर्य शनि की दृष्टि सम्बन्ध या युति जिस भाव में हो उसी पर निर्भर करता है, कुंडली में चतुर्थ भाव नवम भाव, तथा दशम भाव में सूर्य राहु अथवा चन्द्र राहु की युति से जो पित्र दोष उतपन्न होता उसे श्रापित पितृ दोष कहते है, इसी प्रकार पंचम भाव में राहु गुरु की युति से बना गुरु चांडाल योग भी प्रबल पितृ दोष कारक होता होता है, संतान भाव में इस दोष के कारण प्रसव कष्टकारक होते हैं, आठवे या बारहवे भाव में स्थित गुरु प्रेतात्मा से पित्र दोष करता है, यदि इन भावो में राहु बुध की युति में हो तथा सप्तम, अष्टम भाव में राहु और शुक्र की युति में हो तब भी पूर्वजो के दोष से पित्र दोष होता है, यदि राहु शुक्र की युति द्वादश भाव में हो तो पित्र दोष स्त्री जातक से होता है इसका कारण भी स्पष्ट कर दें क्योंकि बारहवाँ भाव भोग एव शैया सुख का स्थान है, अतः इस भावके दूषित होने से स्त्री जातक से दोष (श्राप) होना स्वभाविक है ये अनैतिक संबंधों का कारण भी हो सकता है।

          *अन्य श्रापित योग :-*

अगर कुण्डली में  अष्टमेश राहु के नक्षत्र में तथा राहु अष्टमेश के नक्षत्र में स्थित हो तथा लग्नेश निर्वल एवं पीड़ित हो तो जातक पित्र दोष एव भूत प्रेतादि आदि से शीघ्र प्रभावित होते हैं।


अगर जातक का जन्म सूर्य चन्द्र ग्रहण में हो तथा घटित होने वाले ग्रहण का सम्बन्ध जातक के लग्न, षष्ट एव अष्टम भाव से बन रहा हो तो ऐसे जातक पित्र दोष,भूत प्रेत, एव आत्माओं के प्रभाव से पीड़ित रहते हैं।


 अगर लग्नेश जन्म कुण्डली में अथवा नवमांश कुण्डली में अपनी नीच राशि में स्थित हो तथा राहु , शनि, मंगल के प्रभाव से युक्त हो तो जातक पित्र दोष, प्रेत्माओं का शिकार होता है।


अगर जन्म कुण्डली में अष्टमेश पंचम भाव तथा पंचमेश अष्टम भाव में स्थित हो तथा चतुर्थेश षष्ठ भाव में स्थित हो और लग्न या लग्नेश पापकर्तरी (प्रतिबंधक) योग में स्थित हो तो जातक मातृ श्राप एवं अतृप्त मात्र आत्माओं से प्रभावित होता है।


 अगर चन्द्रमा जन्म कुण्डली अथवा नवमांश कुण्डली में अपनी नीच राशि में स्थित हो या चन्द्र एव लग्नेश का सम्बन्ध क्रूर एव पाप ग्रहो से बन रहा हो तो जातक पित्र दोष, प्रेत-वाधा, एवं 

पित्रात्माओं से प्रभावित होता है।


 अगर कुंडली में शनि एव चन्द्रमा की युति हो अथवा चन्द्रमा शनि के नक्षत्र में, अथवा शनि चन्द्रमा के नक्षत्र में स्थित हो तो जातक पित्र दोष,  एव अतृप्त आत्माओं से शीघ्र प्रभावित होता है।


अगर लग्नेश जन्म कुंडली में अपनी शत्रु राशि में निर्बल आव दूषित होकर स्थित हो तथा क्रूर एव पाप ग्रहो से युक्त हो तथा शुभ ग्रहो की दृष्टि लग्न भाव एव लग्नेश पर नहीं पड़ रही हो, तो जातक प्रेतात्माओं, एव पित्र दोष से पीड़ित होता है।


अगर जातक का जन्म कृष्ण पक्ष की अष्टमी से शुक्ल पक्ष की सप्तमी के मध्य हुआ हो और चन्द्रमा अस्त, निर्बल, एव दूषित हो, अथवा चन्द्रमा पक्षबल में निर्बल हो, तथा राहु शनि से युक्त नक्षत्र परिवर्तन योग बना रहा हो तो श्राप के कारण जातक अदृश्य रूप से मानसिक बाधाऔं का शिकार होता है।


अगर कुंडली में चन्द्रमा राहु के नक्षत्र में स्थित हो तथा अन्य क्रूर एव पाप ग्रहो का प्रभाव चन्द्रमा, लग्नेश, एव लग्न भाव पर हो तो जातक अतृप्त आत्माओं से प्रभावित होता है।


अगर कुंडली में गुरु का सम्बन्ध राहु से हो तथा लग्नेश एव लग्न भाव पापकर्तरी योग में हो तो जातक को अतृप्त आत्माए अधिक परेशान करती है ।


अगर बुध एव राहु में नक्षत्रीय परिवर्तन हो तथा लग्नेश निर्बल होकर अष्टम भाव में स्थित हो साथ ही लग्न एव लग्नेश पर क्रूर एव पाप ग्रहो का प्रभाव हो तो जातक अतृप्त आत्माओं से परेशान रहता है और मनोरोगी बन जाता है।


अगर कुंडली में अष्टमेश लग्न में स्थित हो (मेष लग्न को छोडकर अन्य लग्नों में) तथा लग्न भाव तथा लग्नेश पर अन्य क्रूर तथा पाप ग्रहो का प्रभाव हो तो जातक अतृपत आत्माओं का शिकार होता है।


अगर जन्म कुण्डली में राहु जिस राशि में स्थित हो उसका स्वामी निर्बल एव पीड़ित होकर अष्टम भाव में स्थित हो तथा लग्न एव लग्नेश पापकर्तरी योग में स्थित हो तो जातक ऊपरी हवा, प्रेत बाधित और आत्माओं से परेशान रहता है ।


*ऐसे और भी बहुत से ग्रह योग जन्म कुंडली में होते हैं जिन्हें गहराई से अध्ययन अवलोकन करने पर बहुत कुछ जाना जा सकता है*

            ************

 *सिर्फ इतना ही नहीं और भी दूषित ग्रहों से पित्र-ऋण (श्राप) दोष भी बनते हैं जो जीवन में बहुत ही अवरोध पैदा करके नाना प्रकार के कष्ट देते हैं :-* 

           जैसे:-

*पित्र दोष(श्राप) के कारण व प्रकार*

     1- "सूर्य" से पिता, चाचा, ताऊ, दादा, परदादा, नाना, मामा, मौसा या समतुल्य पैत्रिक (पित्रपुरुस) ऋण (श्राप)।

    2-"चंद्र" से मातृ, मातृ पक्ष या मात्तुल्य स्त्रियों के ऋण (श्राप)।

     3-"मंगल" से भाई, मित्र, स्नेही या इनके समान पित्रों का ऋण (श्राप)।

    4-"बुध" से बहन-भांजी बुआ, साली, ननद या समतुल्य का ऋण (श्राप)।

    5-"गुरू" से गुरुदेव, ब्राह्मण, महात्मा, ज्ञानीजन, शिक्षक, विद्वान, पंडित या कुल पूज्य पुरुस आदि का  ऋण (श्राप)।

     6-"शुक्र" से पत्नी, प्रेमिका अथवा शैया सुख देने वाली अन्य स्त्रियों का ऋण (श्राप)।।

     7-"शनी" से सेवक, कर्मचारी, मातहत, वेटर, मजदूर, मिश्त्री, चांडाल (डोम), भिकारी, या दीन-दुखियों का ऋण (श्राप)।।

    8-"राहु-केतु" से प्राकृतिक, पर्यावरण, सामाजिक, क्षेत्रपाल, देश, मात्रभूमी, सरकारी अधिकारी, कर चोरी, जाने-अन्जाने की गई हिंसा, जीवहत्या या अनैतिक व्यवहार व व्यापार के अभिश्राप (ऋण)।।

           **********

*हस्त-रेखा से भी:-* 

*भिन्न-भिन्न ग्रह पर्वतों के योग एवं पर्वतों पर पाऐ जाने वाले चिन्ह जैसे:- क्रोस, जाल, द्वीप, वलय, भंग, दाग (तिलादि), झाँई, या अन्य अशुभ चिन्हों से भी सभी प्रकार के पित्रादि दोषों (श्रापों) बीमारी को सहजता से जाना जा सकता है।*

            ************


पितृ दोष (श्राप) भी भांति भांति के पाऐ जाते हैं, इन्ही पित्रादि दोषो के कारण जातक को अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, और शारीरिक, मानसिक, आर्थिक, पारिवारिक, अकस्मात दुर्घटनाओं से परेशान रहता है, और शनै-शनै जातक का जीवन नर्क बनता जाता है, एवं कई बार तो दिखने में सम्पंन व्यक्ती भी आंतरिक तौर से पीडित होकर मृतकों जैसा जीवन जीने पर मजबूर हो सकता है और दोष की सही जानकारी ना होने पर श्रापमुक्ती के लिऐ दर-दर भटकता रहता है व तमाम तंत्र, मंत्र, रत्न , व्रत, जाप या उपाय करके भी पीडित दुःखी रहता है उसको कोई लाभ नहीं होता अन्ततः वैदिक तंत्र-ज्योतिषादि को ही ढ़ोंग मान बैठता है।।

        ***********

       *तब  करें क्या:-*

   एक बात ध्यान दें कि मौत के बिना हर बीमारी का इलाज है मगर मौत का कोई ईलाज नहीं हर एक श्राप, दोष, दुर्भाग्य, और पाप का प्रायश्चित कर्म-विधान व उसको करने का सही स्थान और मुहुर्त भी हमारे वैदिक शास्त्रों में बताया है एवं अत्यंत फलदायी भी होता है ये अकाट्य सत्य है वर्तमान कर्मों से ... भविष्य का लेख भी बदल सकता है।।

*अतः जिस तरह पित्रादि-दोष (श्राप) या ऋण कई प्रकार के होते हैं.....   उसी तरह इनके निदान (प्रायश्चित कर्म-विधान) भी देश, काल, परिस्थितियों के आधीन होकर विभिन्न तरीके से ही कराना उचित होता है।*

       *इसलिऐ सर्वप्रथम जातक को... इस विषय के विषेशज्ञ व तत्वज्ञ ज्योतिषाचार्य से उचित  परामर्श लेना चाहिये और तत्पश्चात उसके द्वारा बताऐ गये " मुहुर्त" में ..... पूर्ण श्रद्धा और समर्पण भाव से इन श्रापों (दोषों) का प्रायश्चित कर्म-विधान करवाना चाहिऐ.... तथा आचार्यों द्वारा बताऐ गये नियम-संयमों का पूर्ण विश्वास से पालन करना करें... फिर आप देखेंगे ये दोष भी आपकी उन्नती में मील के पत्थर बन जायेंगे... शुभास्तु।।*

🙏🙏


*Astropawankv*

         *Let The Star's Guide You*

*Scientific Astrology & Vastu Research Astrologer Pawan Kumar Verma (B.A.,D.P.I.,LL.B.) Astro. Research Centre Ludhiana Punjab Bharat Phone number 9417311379 www.astropawankv.com*



Tuesday, 14 April 2026

आत्मविश्वास का मंत्र

 *आत्मविश्वास का मंत्र*



*जामवंत जी ने हनुमान जी से ऐसा क्या कहा था जो आज के युवाओं के लिए सबसे बड़ा 'आत्मविश्वास का मंत्र' है?*


*रात के 2 बजे हैं। कमरे में सन्नाटा है, बस घड़ी की टिक-टिक गूंज रही है। नींद कोसों दूर है और सीने में एक अजीब सी धक-धक महसूस हो रही है। सामने एक ऐसा पहाड़ खड़ा है—चाहे वह कोई बेहद अहम परीक्षा हो, जीवन का कोई बड़ा संकट हो, कोई टूटता हुआ रिश्ता हो, या ज़िंदगी का कोई ऐसा मोड़ जहाँ आगे के सारे रास्ते धुंधले नज़र आ रहे हों। उस पल, अंदर से एक ही चीख उठती है...*


*"यार, ये मुझसे नहीं होगा।"*


*हम सबने इस पल को जिया है। उस घुटन को महसूस किया है जब लगता है कि हम अपनी ही उम्मीदों के बोझ तले दब गए हैं।*


*बचपन में जब हम अंधेरे से डरते थे या किसी बात से घबराते थे, तो घर के बड़े-बुज़ुर्ग हमें जीवन-सुधार की कोई 500 पन्नों की भारी-भरकम किताब नहीं थमाते थे। वे बस प्यार से सिर पर हाथ फेरते और कहते, "हनुमान जी का नाम ले लो, सब ठीक हो जाएगा।" बड़े हुए, तो विज्ञान पढ़ा। हर चीज़ को तर्क की कसौटी पर कसना शुरू किया। युवा मन सोचने लगा कि भला कुछ शब्द दोहराने से क्या पहाड़ कट जाएंगे? या समंदर पार हो जाएंगे?*


*लेकिन जैसे-जैसे ज़िंदगी के असली समंदर सामने आए और लहरों ने थपेड़े मारे, तब समझ में आया कि हमारे पूर्वजों ने धर्म और कथाओं के आवरण में मानव मन का कितना गहरा विज्ञान छिपा कर रखा था। वे केवल कहानियां नहीं कह रहे थे; वे हमारे अवचेतन मन को भीतर से मज़बूत कर रहे थे।*


*आज, 'भारतीय विरासत' की इस यात्रा में, हम किसी अंधविश्वास की नहीं, बल्कि उस गहरे दर्शन की बात करेंगे जो रामचरितमानस की एक चौपाई में छिपा है। एक ऐसी चौपाई जो दुनिया का सबसे बड़ा 'आत्मविश्वास का मंत्र' और निराशा को चीरने वाली 'संजीवनी' है।*


*वह शाम, जब हनुमान जी को उनका 'ईश्वरीय' रूप याद आया*


*एक दृश्य की कल्पना कीजिए।*


*भारत का दक्षिणी छोर। सामने मीलों तक फैला, गर्जना करता हुआ अनंत समुद्र। लहरें इतनी ऊँची मानो आसमान को निगल जाना चाहती हों। तट पर वानर सेना हताश और निराश बैठी है। सीता जी की खोज का समय समाप्त हो रहा है और लंका तक पहुँचने का कोई मार्ग नहीं है।*


*सेना के सबसे वीर योद्धा—अंगद, नल, नील—सब अपनी-अपनी क्षमताओं का आकलन कर रहे हैं। कोई कहता है "मैं जा तो सकता हूँ, पर वापस आने की ऊर्जा नहीं बचेगी।" हर किसी के मन में गहरा संदेह है।*


*और इन सबके बीच, शोर से दूर, एक चट्टान पर चुपचाप हनुमान जी बैठे हैं। सिर झुका हुआ है वे बिल्कुल मौन हैं अपनी ही शक्तियों से अनजान।*


*उन्हें अपनी क्षमताओं का कोई अंदाज़ा नहीं है। बचपन के एक श्राप के कारण वे भूल चुके हैं कि वे पवनपुत्र हैं। तब पूरी सेना के सबसे वयोवृद्ध और अनुभवी जामवंत जी उनके पास जाते हैं। जामवंत जी उन्हें कोई जादुई जड़ी-बूटी नहीं देते। वे उन्हें कोई नया अस्त्र-शस्त्र नहीं थमाते। वे बस उनके पास जाते हैं और एक ऐसा वाक्य कहते हैं, जो इतिहास का सबसे शक्तिशाली मार्गदर्शन बन जाता है:*


*कवन सो काज कठिन जग माहीं।*


*जो नहिं होइ तात तुम्ह पाहीं॥*


*(अर्थ: हे तात! इस संसार में ऐसा कौन सा कठिन काम है, जो तुमसे न हो सके? तुम तो राम के कार्य के लिए ही अवतरित हुए हो।)*


*ज़रा ठहर कर सोचिए... क्या जामवंत जी ने हनुमान जी को कुछ नया दिया था? नहीं न। उन्होंने सिर्फ वह याद दिलाया जो पहले से उनके भीतर था।*


*हम अपनी शक्तियां क्यों भूल जाते हैं?*


*हनुमान जी को बचपन में ऋषियों ने श्राप दिया था कि वे अपनी शक्तियां भूल जाएंगे, और जब कोई उन्हें याद दिलाएगा, तभी वे वापस आएंगी।*


*अगर हम इस कथा को आज के तर्क के चश्मे से देखें, तो क्या यह श्राप हम सब पर नहीं लगा है?*


*हम सबका श्राप है—अपनी सोई हुई शक्तियों को भूल जाना। जब हम बच्चे होते हैं, तो हमें लगता है कि हम दुनिया बदल सकते हैं। फिर हम बड़े होते हैं। बार-बार मिलने वाली असफलताओं पर दूसरों की टिप्पणियां और हमारा अपना डर ही हमारे दिमाग पर एक पर्दा डाल देता है। हम मान लेते हैं कि हम बस 'साधारण' हैं। हम अपनी ही बनाई हुई सीमाओं के जाल में फँस जाते हैं।*


*मानव स्वभाव में उस स्थिति को 'मान ली गई हार' कहते हैं। जब इंसान बार-बार हारता है तो वह मान लेता है कि जीतना असंभव है, भले ही परिस्थिति पूरी तरह बदल चुकी हो। हनुमान जी तट पर उसी लाचारी का शिकार होकर बैठे थे।*


*जामवंत: मन को साधने वाले पहले गुरु*


*जब जामवंत जी ने हनुमान जी से कहा—"कवन सो काज कठिन जग माहीं", तो वे मस्तिष्क को साधने की सबसे प्राचीन विद्या का प्रयोग कर रहे थे।*


*जब आप घबराहट में होते हैं और कहते हैं "मुझसे नहीं होगा", तो आपका मस्तिष्क तुरंत उन कारणों की पूरी सूची खोल देता है कि आप क्यों असफल होंगे। लेकिन जब आप खुद से या कोई सच्चा गुरु आपसे कहता है, "ऐसा क्या है जो तुम नहीं कर सकते?", तो मस्तिष्क का ध्यान तुरंत 'समस्या' से हटकर 'समाधान' पर चला जाता है।*


*इस चौपाई का एक-एक शब्द विज्ञान है:*


* *कवन सो काज : यह आपके मस्तिष्क को चुनौती देता है।*


* *कठिन जग माहीं : यह स्वीकार करता है कि दुनिया में चुनौतियां हैं, लेकिन वे असंभव नहीं हैं।*


* *जो नहिं होइ तात तुम्ह पाहीं : यह सीधे आपके मन की गहराइयों में असीम आत्मविश्वास का बीज बो देता है।*


*जैसे ही हनुमान जी ने ये शब्द सुने, उनका आत्म-संशय टूट गया। उनके भीतर का वह पर्वत जाग उठा जो सो रहा था। और जब वे जागे, तो उनका स्वरूप कुछ ऐसा था।*


*मनोजवं मारुततुल्यवेगं जितेन्द्रियं बुद्धिमतां वरिष्ठम्।*


*वातात्मजं वानरयूथमुख्यं श्रीरामदूतं शरणं प्रपद्ये॥*


*(अर्थ: जो मन के समान तेज़ हैं, वायु के समान वेगवान हैं, जिन्होंने अपनी इंद्रियों को जीत लिया है, जो बुद्धिमानों में श्रेष्ठ हैं... मैं उन श्रीरामदूत की शरण में हूँ।)*


*यह श्लोक बताता है कि जब आप अपने भीतर के संदेह को मिटा देते हैं, तो आपका वेग 'मन' के समान तेज़ हो जाता है। आप जो सोचते हैं, उसे यथार्थ में बदल सकते हैं।*


*आज की पीढ़ी इसका उपयोग कैसे करे?*


*आज हमारे सामने लंका जाने का समुद्र नहीं है। हमारे समुद्र हैं—बेरोजगारी का डर, नए व्यापार के डूबने की चिंता, गहरी उदासी और रिश्तों की उलझनें।*


*जब भी आपको लगे कि आप हार रहे हैं, जब बेचैनी आपको घेर ले और पसीने छूटने लगें, तो फोन पर दूसरों के प्रेरक विचार खोजने के बजाय, एक पल के लिए अपनी आँखें बंद करें...*


*लंबी सांस लें। और खुद के लिए 'जामवंत' बन जाएं। खुद से कहें—"कवन सो काज कठिन जग माहीं। जो नहिं होइ तात तुम्ह पाहीं॥" इसे सिर्फ एक धार्मिक मंत्र की तरह नहीं, बल्कि मन को साधने वाले एक अचूक अस्त्र की तरह इस्तेमाल करें। यह खुद को आदेश देने की सबसे शक्तिशाली तकनीक है। जब आप इसे बार-बार दोहराते हैं, तो* *आपका मस्तिष्क डर के पुराने रास्तों को छोड़कर, जीत और आत्मविश्वास की नई दिशाएँ तय करने लगता है।*


*आप देखेंगे कि जो पहाड़ कल तक अजेय लग रहा था, आज वह बस एक सीढ़ी नज़र आ रहा है।*




*हमारे पूर्वज जानते थे कि मनुष्य का सबसे बड़ा दुश्मन बाहर नहीं, उसके अपने दिमाग के भीतर बैठा डर है। और उस डर को हराने के लिए उन्होंने हमें ये मंत्र, ये चौपाइयां एक धरोहर के रूप में दीं।*


*वह समुद्र जो हनुमान जी के सामने था, वह केवल खारे पानी का विस्तार नहीं था; वह हमारे और आपके भीतर बैठे 'संदेह' का समुद्र था। और उसे पार करने के लिए किसी बाहरी पुल की आवश्यकता नहीं थी, वह पुल हमारे अपने आत्मविश्वास का था।*


*अगली बार जब दुनिया आपसे कहे या आपका अपना मन आपसे कहे कि* *"तुमसे नहीं होगा", तो मुस्कुराइयेगा। क्योंकि आप उस संस्कृति के वारिस हैं, जहाँ हनुमान जी ने सिर्फ एक वाक्य सुनकर सूरज को फल समझ लिया था और समंदर को एक छलांग में लांघ दिया था।*


*आपके भीतर भी वही राम-काज करने वाली ऊर्जा सो रही है। बस उसे जगाने की देर है!*


 *हमेशा याद रखें कि*

*हर दुःख  हम सभी को एक सबक देता है और हर सबक इंसान को बदल देता है।*



       *सबसे पहले आप सभी जन खुद से प्यार करें,*

*फिर शांत  चित्त होकर बैठें फिर अपने अपने ईष्ट देवी देवता अपने अपने गुरू महाराज जी और परम पिता परमेश्वर परमात्मा जी का ध्यान करते हुए प्रार्थना करते रहें कि वो आपके मार्गदर्शक बनें और फिर उनका आशीर्वाद लेकर पूरे आत्मविश्वास के साथ उठें*


         *राम राम जी*

                🙏🙏

 *आप सभी जन अपने अपने कर्म पर ध्यान दें और  अपनी अपनी जन्मकुंडली के ग्रह,  ग्रह योग,नक्षत्र, राशि भाव, दशा महादशा के अनुसार जो जो उपाय, परहेज़ दान, पूजा पाठ  हवन जप दान  बनते हो उन सभी को समय समय पर करते  करवाते रहें इन्हे  कभी भी न भूलें*


          *राम राम जी* 


*Astropawankv*

*Let The Star's Guide You*

*Scientific Astrology & Vastu Research Astrologer Pawan Kumar Verma (B.A.,D.P.I.,LL.B.) Astro. Research Centre Ludhiana Punjab Bharat. Phone number 9417311379 www.astropawankv.com*



Wednesday, 4 March 2026

रंगों का दिवस होली पर्व की आप सभी जन को हार्दिक शुभकामनाएं

 

रंगों का दिवस होली पर्व पर आप सभी जन को Astropawankv की पूरी Team की तरफ़ से हार्दिक शुभकामनाएं

 *राम राम जी*


*🙏🌹इंद्रधनुष के सात रंगो की तरह आप के जीवन में धन, यश, कीर्ति, आरोग्य ,उल्लास, सफलता, और वैभव का समावेश हो तथा श्री भगवान जी , गुरू महाराज जी आप को चिर काल तक प्रसन्नता के रंगो से सराबोर रखे, ऐसी ईश्वर से मेरी मंगल कामना है। आप एवं आपके परिवार को   "होली"के पावन पर्व की स्नेहभरी हार्दिक एवं अनन्त शुभकामनाएं।*


*https://astropawankv.com/*





Sunday, 15 February 2026

महाशिवरात्रि पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं

 

महाशिवरात्रि 

 || महाशिवरात्रि 

      *********

आचाण्डालमनुष्याणां भुक्तिमुक्तिप्रदायकम् 

सौर,गाणपत्य,शैव, वैष्णव, और शाक्त - इन पाँच सम्प्रदायों मे विभक्त विराट हिन्दू साम्राज्य अपने अपने इष्टदेव की उपासना के अतिरिक्त धर्म,अर्थ,काम,मोक्ष प्राप्त करने हेतु सम्प्रदाय भेद त्याग कर महाशिवरात्रि व्रत का व्यवहारिक जीवन के प्रधान अंग निमित्त पालन करता है । एक बार कैलाश-शिखर पर स्थित पार्वती जी ने महादेव से पूछा -


 कर्मणा केन भगवन् व्रतेन तपसापि वा ।  

  धर्मार्थकाममोक्षणां हेतुस्तवं परितुष्यति ।।


हे भगवन् ! धर्म,अर्थ,काम, मोक्ष इन चतुर्वर्गों के हेतु तो आप ही हो एवं साधना से संतुष्ट हो मनुष्यों को आप ही इसे प्रदान भी करते हो । अतएव यह जानने की इच्छा है कि आप किस कर्म , किस व्रत या किस प्रकार की तपस्या से प्रसन्न होते हो । अज्ञातज्ञापकं हि शास्त्रम् ' ( शास्त्रीय अनुष्ठानों के मूल मे सर्वत्र उद्देश्य रहता है ) शास्त्रों का कार्य ही यह है कि जो ज्ञात नही है उसे ज्ञात करा दे । पार्वती जी के पूछने पर महादेव कहते हैं -


फाल्गुने कृष्णपक्षस्य या तिथि: स्याच्चतुर्दशी ।

  तस्यां या तामसी रात्रि: सोच्यते शिवरात्रिका ।।


तत्रोपवासं कुर्वाण: प्रसादयति माँ ध्रुवम् । 

 न स्नानेन न वस्त्रेण न धूपेन न चार्यया ।।


तुष्यामि न तथा पुष्पैर्यथा तत्रोपवासत: ।।


फाल्गुन के कृष्णपक्ष की चतुर्दशी तिथि को आश्रयकर जिस अन्धकारमयी रजनी का उदय होता है उसी को शिवरात्रि कहते हैं । उस दिन जो उपवास करने से मैं जैसा प्रसन्न होता हूँ वैसा स्नान,वस्त्र ,धूप और पुष्प अर्पण से भी नही होता। 


माघकृष्णचतुर्दश्यामादिदेवो महानिशि ।  

  शिवलिगंतयोद्भूत: कोटिसूर्यसमप्रभ: ।। 


तत्कालव्यापिनी ग्राह्या शिवरात्रि तिथि: ।।


अर्थात् माघ मास की कृष्ण चतुर्दशी की महानिशा मे आदि देव महादेव कोटि सूर्य के समान दीप्तिसम्पन्न हो शिवलिंग के रूप मे आविर्भूत हुए थे,अतएव शिवरात्रि व्रत मे उसी महानिशा-व्यापिनी चतुर्दशी का ग्रहण करना चाहिये । माघ मास की कृष्ण चतुर्दशी (गुजरात #महाराष्ट्र के अनुसार माघ)बहुधा फाल्गुन मास मे ही पड़ती है । ईशान संहितानुसार " शिव की प्रथम लिंगमूर्ति उक्त तिथि की महानिशा  ( महानिशा द्वे घटिके रात्रेर्मध्यमयामयो: - चतुर्दशी तिथियुक्त चार प्रहर रात्रि के मध्यवर्ती दो प्रहरों मे पहले की अंतिम और दूसरे की आदि घडी ही महानिशा है ) मे पृथ्वी से पहले पहल आविर्भूत हुयी थी ।


रात्रि के चार प्रहरों मे चार बार 

     पृथक पृथक पूजन का विधान है 


दुग्धेन प्रथमो स्नानं दध्ना चैव द्वितीयके । 

तृतीये तु तथाऽऽज्येन चतुर्थे मधुना तथा ।। 


प्रथम प्रहर मे ईशान मूर्ति की दूध द्वारा , द्वितीय प्रहर मे अघोर मूर्ति की दही द्वारा, तृतीय प्रहर मे वामदेव मूर्ति की घी द्वारा, चतुर्थ प्रहर मे सद्योजात मूर्ति की शहद द्वारा स्नान कर पूजन तत्पश्चात प्रभात मे विसर्जन, व्रतकथा सुन यह कह पारण करने का विधान है ।


संसारक्लेशदग्धस्य व्रतेनानेन शँकर ।

   प्रसीद सुमुखो नाथ ज्ञानदृष्टिप्रदो भव । 


हे शँकर महादेव ! मै नित्य संसार की यातना से दग्ध हो रहा हूँ , इस व्रत से आप मुझ पर प्रसन्न होईये, हे प्रभो संतुष्ट हो कर आप मुझे ज्ञानदृष्टि प्रदान कीजिये । महा शिवरात्रि व्रतानुष्ठान मे शास्त्र का गूढ़ उद्देश्य निहित है वह अज्ञात तत्त्व को बतलाता है इस तत्त्व के जाने बिना अनुष्ठान की कोई सार्थकता नही रहती ।


महादेव , शिव साधन पथ मे ब्रह्मवादियों के लिये ब्रह्म , सांख्य मतावलम्बीयों के लिये पुरुष, योगपद मे आरूढ़ वेत्ताओ के लिये सहस्त्रार मे स्थित प्रणव अर्धमात्रा के रूप मे कीर्तित हुये हैं । पुराणों मे महादेव के आधिदैविक स्वरूप का अधिक विस्तार तथा विविध लीलाओं का वर्णन होने पर भी उनमे वही गूढ़ अध्यात्मिक तत्त्व निहित है , शिवरात्रि व्रत मे भी महादेव का अध्यात्मिक तत्त्व अन्तर्निहित है जो महादेव का दार्शनिक परिचय अन्त: सलिला फल्गु की धारा के समान प्रच्छन्नरूपेण प्रवाहित हो रहा है । उसी स्वादु सुशीतल धारा मे अवगाहन करने के लिये हमे और भी गहरे मे गोता लगाना पड़ेगा ।


महाशिवरात्रि व्रत मे रात्रि एवं उपवास की प्रधानता है ' आहारनिवृत्तिरुपवास:,साधारणत: निराहार रहने को उपवास कहते है । आह्नियते मनसा बुद्धयाइन्द्रिर्वा इति आहार: ' मन , बुद्धि अथवा इन्द्रियों द्वारा जो कुछ आहरण ( बाहर से भीतर ) संचय किया जाता है वही आहार है । स्थूल - सूक्ष्म , भेद से यह दो प्रकार का है , मन आदि से आह्नत संस्कार सूक्ष्म आहार एवं पंच ज्ञानेन्द्रियों द्वारा गृहीत शब्द-स्पर्श-रूपादि स्थूल आहार है , इसके अतिरिक्त दाल,चावल अन्य व्यंजन स्थूलतर आहार हैं ।


उपवास अर्थात उप - समीप , वास करना । ' शान्तं शिवमद्वैतं यच्चतुर्थं मन्यते ' शिव के समीप रहने मात्र से स्वभावत: मन-प्राण की समस्त रंगीन बत्तियाँ अपने आप बुझने लगती हैं । आहार निवृत्ति अर्थात् सूक्ष्म , स्थूल , स्थूलतर आहार का अत्यन्त आभाव । यथोचितरूपेण अनुष्ठित हो व्रत के बहिरंग अनुष्ठान मे कमी होने पर भी कोई हानि नही होती है । इसी कारण शिवरात्रि व्रत मे उपवास ही प्रधान अंग है ।


|| ॐ नम: पार्वतीपतये हर हर हर महादेव ||

                    



महाशिवरात्रि पर्व पर Astropawankv की पूरी Team की तरफ़ से हार्दिक शुभकामनाएं

Tuesday, 13 January 2026

मकर संक्रांति, लोहड़ी, पोंगल की हार्दिक शुभकामनाएं

 आप सभी जन को Astropawankv की पूरी Team की तरफ़ से लोहड़ी, मकर संक्रांति, पोंगल त्यौहार की हार्दिक शुभकामनाएं







Thursday, 1 January 2026

नववर्ष 2026की हार्दिक शुभकामनाएं

 आप सभी जन को Astropawankv की पूरी Team की तरफ़ से नवबर्ष 2026 की हार्दिक शुभकामनाएं